नई दिल्ली, 10 सितंबर।
प्रशांत विहार थाना पुलिस ने लूटपाट की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी (CCL) को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और चाकू बरामद किया गया है।
शशांक जयसवाल डीसीपी रोहिणी जिला के अनुसार, 5 सितंबर को पीसीआर कॉल मिली थी कि चार लोगों ने चाकू के बल पर एक व्यक्ति से 3000 रुपये लूट लिए। इस संबंध में थाना प्रशांत विहार में FIR No. 258/26, धारा 304(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ACP प्रशांत विहार आरपी मीणा के निर्देशन में SHO इंस्पेक्टर विवेकानंद के नेतृत्व में SI विकास सिंह, HC रोहताश और HC उदय की टीम गठित की गई। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर आरोपी सुनील (18 वर्ष), निवासी शाहबाद डौलतपुर, रोहिणी को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया।
पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात में शामिल होना कबूल किया। आरोपी सुनील की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और चाकू बरामद हुआ है। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।