नई दिल्ली, 5 अगस्त। द्वारका जिला साइबर थाने की टीम ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मध्य प्रदेश के इंदौर से 6 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एक शॉपिंग मॉल में नामी इन्वेस्टमेंट कंपनी की आड़ में अवैध कॉल सेंटर चला रहे थे। ये पहले लोगों को शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर भरोसा जीतते, फिर फर्जी फॉरेक्स प्लेटफॉर्म पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर ठगी करते थे।
इसी तरह उत्तम नगर निवासी एक व्यक्ति से 17.30 लाख रुपये की ठगी की शिकायत पर FIR No. 29/2026 दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की गई। लोकेशन इंदौर के मारी माता चौक के पास मिली, जहाँ छापा मारकर 6 आरोपियों को दबोचा गया।
बरामदगी: मौके से 28 CPU, 25 मोबाइल फोन, 02 वाई-फाई राउटर, 01 DVR और 01 ऑडियो-वीडियो कैमरा जब्त किया गया। CPU में 1400 से ज्यादा एक्सेल शीट मिलीं, जिनमें हजारों निवेशकों का निजी डेटा था।
जांच में पता चला है कि इस गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र, यूपी, दिल्ली, कर्नाटक, बिहार समेत कई राज्यों में 54.70 लाख रुपये से अधिक की ठगी की शिकायतें NCRP पर दर्ज हैं। आरोपी 10 से 14 हजार रुपये की सैलरी और 10% कमीशन पर काम करते थे।
डीसीपी द्वारका कुशाल पाल सिंह के निर्देशन में SHO संदीप तुषीर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। मुख्य सरगना की तलाश जारी है।