पहाड़गंज बार फायरिंग केस में बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल, तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली, 18 नवंबर। मध्य जिला पुलिस ने पहाड़गंज के क्वींस बार फायरिंग मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांता को सोनिया विहार में पुलिस से हुई मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है।

पुलिस के अनुसार 16/17 नवंबर की रात करीब 11:55 बजे सतिंदर उर्फ कांता, जितेश गोला और उनके साथी क्वींस बार, पंचकुइयां रोड पहुंचे थे। आरोप है कि बार से रंगदारी वसूलने के इरादे से आए आरोपियों ने शिकायतकर्ता से झगड़े के बाद दो राउंड फायरिंग की और धमकी देकर फरार हो गए। सीसीटीवी में एक आरोपी बार के मुख्य गेट के पास फायरिंग करता नजर आया। इस पर थाना पहाड़गंज में एफआईआर नंबर 0498/2026 दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और थाना पहाड़गंज की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मुख्य आरोपी के सोनिया विहार में किराए के मकान में छिपे होने की सूचना मिली।

पुलिस टीम जब उसे पकड़ने पहुंची तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें से दो गोलियां एसआई रविंदर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। आत्मरक्षा में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मौके से एक अत्याधुनिक पिस्तौल, तीन खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

बाद में थाना पहाड़गंज की टीम ने छापेमारी कर सह-आरोपी जितेश गोला (35) और अमित गोहर (22) को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि बार व रेस्टोरेंट संचालकों में डर फैलाकर दबदबा कायम करना और रंगदारी वसूलना ही वारदात का मकसद था।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सतिंदर उर्फ कांता (30) – निवासी दरियापुर, बाहरी उत्तरी जिला। इस पर हत्या और हत्या के प्रयास समेत छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
  2. जितेश गोला (35) – निवासी संत नगर, बुराड़ी।
  3. अमित गोहर (22) – निवासी पहाड़गंज।

पुलिस हथियार के स्रोत और अन्य साथियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *