पहाड़गंज में अवैध निर्माण पर लगाम नहीं, करोल बाग जोन के अभियंताओं पर उठे सवाल : संगतराशन बाजार में निर्माण के दौरान मजदूर गिरा, गंभीर रूप से घायल; भूस्वामी और बिल्डर पर FIR

नई दिल्ली, पहाड़गंज |

दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में अवैध निर्माणों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि करोल बाग जोन का बिल्डिंग डिपार्टमेंट इस पूरे मामले में आंखें मूंदे बैठा है।

सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में कई जगहों पर बिना नक्शा पास कराए और बिल्डिंग बायलॉज को ताक पर रखकर निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन विभाग के जेई और एई की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। न तो मौके पर वर्क स्टॉप नोटिस चस्पा किया गया और न ही सीलिंग की कोई कार्रवाई अमल में लाई गई।

ताजा मामला संगतराशन बाजार का है। यहां एक इमारत में अवैध रूप से चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण में लगा एक मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौके पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि अगर विभाग ने समय रहते कार्रवाई की होती तो यह हादसा टल सकता था।

उधर, इस मामले में पहाड़गंज थाना पुलिस ने घायल मजदूर के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर भूस्वामी और बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही बरतने और अवैध निर्माण कराने के आरोप में आगे की जांच की जा रही है।

वहीं, एमसीडी अधिकारियों से इस बारे में पूछे जाने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *