नई दिल्ली। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की तैयारियों को लेकर दिल्ली नगर निगम (MCD) ने कमर कस ली है। तैयारियों के अहम चरण में दिल्ली नगर निगम के आयुक्त श्री संजीव खिरवार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रधान सचिव श्री संदीप कुमार के साथ राजधानी के प्रमुख क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर जमीनी तैयारियों का जायजा लिया।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के दल ने भारत मंडपम और उसके आसपास के क्षेत्र, सराय काले खां, लोधी रोड, निजामुद्दीन, साकेत और शेख सराय सहित उन सभी प्रमुख मार्गों का दौरा किया, जहां से ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों और विदेशी आगंतुकों का आवागमन प्रस्तावित है।
निरीक्षण के दौरान सड़कों की स्थिति, फुटपाथ, हरित पट्टियों, सार्वजनिक शौचालयों, स्ट्रीट लाइट और सौंदर्यीकरण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई।
इस मौके पर आयुक्त श्री खिरवार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि —
सम्मेलन के दृष्टिगत सभी क्षेत्रों में विशेष एवं गहन सफाई अभियान चलाया जाए। पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारी, आधुनिक मशीनरी और निरंतर पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सड़कों, फुटपाथों और हरित क्षेत्रों की मरम्मत, सार्वजनिक सुविधाओं को दुरुस्त करने, अतिक्रमण हटाने, आवारा पशुओं व रोगवाहक नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर करने तथा प्रमुख स्थलों पर ब्रांडिंग व सौंदर्यीकरण को विश्वस्तरीय बनाने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि भारत मंडपम को केंद्र में रखते हुए एक विस्तृत एक्शन प्लान तैयार किया गया है, जिसके तहत सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ काम करेंगे, ताकि राजधानी की छवि स्वच्छ, सुंदर और स्वागत योग्य बनी रहे।