विशेष संवाददाता चिमन लाल
जिला मुख्यालय के साथ साथ उपमंडल स्तर पर बादली, बेरी और बहादुरगढ़ में मनाई जाएगी लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वी जयंती
झज्जर,
देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का जन्म दिवस (शुक्रवार 31 अक्टूबर) को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जिला मुख्यालय के साथ साथ बहादुरगढ़, बेरी और बादली में उपमंडल स्तर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन होगा। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह 6:30 बजे महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम से रन फॉर यूनिटी दौड़ को प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा हरी झंडी दिखाते हुए रवाना करेंगे। बादली में पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़, बहादुरगढ़ में विधायक राजेश जून, बेरी में वरिष्ठ भाजपा नेता संजय कबलाना रन फॉर यूनिटी को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
डीसी ने बताया कि एकता दिवस पर यह दौड़ झज्जर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई वापिस स्टेडियम में समापन संपन्न होगी। डीसी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए जिलावासी मैराथन में दौड़ेंगे। उन्होंने नागरिकों से मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। इसके अलावा स्कूली छात्र, विभिन्न खेलों के खिलाड़ी व युवा भी मैराथन में हिस्सा लेंगे। देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में शुक्रवार 31 अक्टूबर को जिला स्तरीय रन फॉर यूनिटी दौड़ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों को स्मरण करते हुए इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने नागरिकों से आहवान किया कि वे बड़ी संख्या में इस आयोजन में भाग लेकर सरदार पटेल के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करें और स्वस्थ जीवनशैली की ओर कदम बढ़ाएं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रन फॉर यूनिटी दौड़ होगी, जो स्थानीय महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम से सुबह 6:30 बजे शुरू होकर शहर के पुरानी तहसील रोड, जलघर, बीकानेर चौक,अंबेडकर चौक,पुराना बस स्टैंड होते हुए वापिस स्टेडियम में संपन्न होगी।
उन्होंने कहा कि इस बार जिला मुख्यालय के साथ साथ उपमंडल बादली, बहादुरगढ़ और बेरी में भी उपमंडल स्तर पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रन फॉर यूनिटी में जिले व उपमंडल के सभी आयु वर्गों के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे, जिसके जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। दौड़ से पहले भागीदारों को मुख्य अतिथि द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। जिसमें जिले के विशिष्ट अतिथियों को भी आमंत्रित किया गया है। एसडीएम बेरी रेणूका नांदल, एसडीएम बहादुरगढ़ नसीब कुमार, एसडीएम बादली डॉ रमन गुप्ता बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर एसडीसी जगनिवास, एसडीएम अंकित कुमार चौकसे, सीटीएम नमिता कुमारी, मनीष फोगाट सीईओ जिप, डीईओ राजेश खन्ना, डीआईपीआरओ सतीश कुमार, जिला खेल अधिकारी सत्येंद्र कुमार, डीआईओ अमित बंसल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।