विशेष संवाददाता चिमन लाल
अधिकारी गांव में पहुंचकर सुविधाओं का लेंगे जायजा, मौके पर समस्याओं का करेंगे समाधान
रोहतक,
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन की नई पहल के तहत 20 फरवरी को रोहतक खंड के गांव रिटौली तथा 25 फरवरी को लाखनमाजरा खंड के गांव बैंसी में प्रशासन आपके गांव के तहत कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में उपमंडल स्तर के अधिकारी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। नरेंद्र कुमार ने स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर के उपरांत अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे प्रशासन आपके गांव कार्यक्रम में पहुंचकर विभाग से संबंधित सुविधाओं व सेवाओं की समीक्षा करें तथा ग्रामीणों से संवाद करें। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में जिला प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं जानेंगे तथा समस्याओं का यथासंभव मौके पर निपटारा करेंगे। इसके अलावा गांव में उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की जाएगी तथा ग्रामीणों को कल्याणकारी योजनाओं बारे जागरूक भी किया जायेगा।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन आपके गांव कार्यक्रम में अधिकारी केवल स्टॉल लगाने तक सीमित न रहे, बल्कि गांव में संबंधित विभाग के लाभार्थियों की जांच करें तथा ग्रामीणों को योजनाओं के बारे में जागरूक भी करें। उन्होंने कहा कि परिवहन एवं प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण विभाग द्वारा गांव में सरकारी व निजी बसों के संचालन, स्टाफ के व्यवहार, बस अड्डे पर बसों के ठहराव इत्यादि के बारे में पूर्ण जानकारी प्राप्त करें। यदि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा है तो उसका समाधान करवाये। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक कार्यालय द्वारा गांव में राशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों की जांच भी करें तथा यह भी पता लगाये कि डिपो धारक द्वारा राशन का समय पर भुगतान किया जा रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की जाती है। इस जांच के आधार पर विभाग द्वारा फॉलोअप भी किया जाये तथा आवश्यकता अनुसार नागरिकों को उपचार की सुविधा भी दी जाये। इसी तरह कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा गांव में मृदा परीक्षण की भी व्यवस्था की जाये। राजस्व विभाग द्वारा एग्रीस्टैक शिविर लगाया जाये तथा लोगों को जागरूक किया जाये। इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता रामेंद्र मलिक, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।