रेडक्रॉस समिति की समीक्षा बैठक में डीसी ने दिए पांच हजार वालंटियर तैयार करने के निर्देश

विशेष संवाददाता चिमन लाल

रोहतक,

उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के प्रधान सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में स्कूलों व कॉलेजों से 5 हजार वालंटियर तैयार किये जाये। समिति द्वारा जिला में सिविल डिफेंस की टीम तैयार की जाये तथा रक्तदान शिविरों की संख्या बढ़ाई जाये ताकि सभी जरूरतमंद व्यक्तियों को रक्त उपलब्ध करवाया जा सके। डीसी सचिन गुप्ता स्थानीय कैंप कार्यालय में जिला रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला में स्कूलों व कॉलेजों से लगभग 5 हजार वालंटियर तैयार किये जाये। समिति द्वारा स्कूल व कॉलेजों में विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया जाये। महिला एवं बाल विकास विभाग की मदद से सलम एरिया में युवाओं की पहचान कर उन्हें होम नर्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाये। उन्होंने कहा कि जिला में सिविल डिफेंस की टीम तैयार की जाये ताकि आवश्यकता अनुसार उनकी सेवाएं ली जा सके। गुरुग्राम स्थित सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन मोहित शर्मा को इस संदर्भ में दिशा-निर्देश दिये गए। अधिक से अधिक नागरिकों को नागरिक सुरक्षा कार्यक्रम से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है तथा उन्हें प्रशिक्षण भी दिलवाया जायेगा। सिविल डिफेंस टीम तैयार करने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार करना है।
डीसी सचिन गुप्ता ने कहा कि समिति द्वारा गैर सरकारी संगठनों के साथ मिलकर रक्तदान शिविरों की संख्या बढ़ाई जाये। समिति द्वारा अप्रैल से गत माह तक जिला में 311 रक्तदान शिविर आयोजित कर 18 हजार से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित किया गया है तथा 420 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये गए है। समिति द्वारा युवाओं को 8 दिवसीय प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण निरंतर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा पार्क इत्यादि में बुजुर्गों के बीपी, शुगर इत्यादि के टेस्ट निरंतर करवाये जाये। उन्होंने समिति के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे रेडक्रॉस समिति के संसाधनों का सही तरीके से रखरखाव करें तथा समिति के भवनों व भूमि इत्यादि का पूर्ण विवरण तैयार करें। उन्होंने समिति की आय व खर्च की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने समिति द्वारा संचालित कुष्ठ आश्रम के भवन का रखरखाव करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर समिति के सचिव विकास, गुरुग्राम सिविल डिफेंस के मुख्य वार्डन मोहित शर्मा, समिति के जिला प्रशिक्षण प्रभारी रविदत्त, लेखाकार आशीष खासा व अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *