विशेष संवाददाता चिमन लाल
डीसी ने मंडी में फसल खरीद कार्यों का किया निरीक्षण
रोहतक,
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे सरकार द्वारा तय मानकों के अनुसार फसल खरीद करें। उपायुक्त ने रोहतक अनाज मंडी में फसल खरीद कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि खरीद एजेंसियों के पास पर्याप्त बारदाना, तिरपाल और नमी मापन यंत्र उपलब्ध होना चाहिए। नमी मापने वाले यंत्रों की प्रमाणिकता सुनिश्चित हो। उपायुक्त ने कहा कि फसल उठान प्रक्रिया समय पर और सुचारू रहे। उठान कार्य में लगे वाहनों मंडी से गोदाम तक अनाज उठान में कोई बाधा न आए। सरकार द्वारा बाजार का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2775 तथा पीआर धान का 2389 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। गत 23 सितंबर से पीआर धान की खरीद का कार्य हरियाणा वेयरहाउस द्वारा किया जा रहा है। अब तक रोहतक मंडी में 900 क्विंटल बाजरा की खरीद हो चुकी है। उपायुक्त ने अपने सामने फसल नमी की जांच भी करवाई।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि मंडियों में पीने का स्वच्छ पानी, बिजली की पर्याप्त व्यवस्था, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। मंडियों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखा जाए ताकि किसानों और मजदूरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे अपनी फसलों को साफ सुथरा व सुखाकर मंडियों में लेकर आयें। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल के डेटा वेरिफिकेशन का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि गेट पास बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर सिस्टम और ऑपरेटर उपलब्ध हों।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि मंडी में संचालित अटल किसान मजदूर कैंटीन में 10 रुपए के हिसाब से खाने की थाली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कैंटीन सुचारू रूप से चलें ताकि किसानों और मजदूरों को समय पर भोजन की सुविधा मिल सके। इस दौरान रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, मंडी सचिव दीपक लोहचब, डीएम वेयरहाउस रोहताश दहिया तथा डीएमईओ धर्मराज दांगी के अलावा मंडी प्रधान मुकेश भी मौजूद थे।