स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को लेकर दिल्ली में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक, 11 राज्यों की पुलिस हुई शामिल

नई दिल्ली, 05 अगस्त (बुधवार)। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को सकुशल और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए आज दिल्ली पुलिस मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता दिल्ली के पुलिस आयुक्त श्री अनुराग कुमार ने की। बैठक में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ (केंद्र शासित प्रदेश) के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय खुफिया और प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

दिल्ली पुलिस की ओर से विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था, स्पेशल सेल, यातायात, प्रोटेक्टिव सिक्योरिटी डिवीजन, क्राइम, ट्रांसपोर्ट और इंटेलिजेंस), संयुक्त पुलिस आयुक्त (रेंज, सिक्योरिटी, ट्रैफिक, IFSO, क्राइम और इंटेलिजेंस) तथा सभी जिलों, सुरक्षा, क्राइम, आईजीआई एयरपोर्ट, रेलवे और मेट्रो के पुलिस उपायुक्त मौजूद रहे।

इन मुद्दों पर हुआ मंथन

बैठक में अधिकारियों ने खुफिया सूचनाओं को साझा किया और आतंकवाद-रोधी उपायों पर विस्तार से चर्चा की। इसमें सीमा पर सघन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन और अन्य निवारक उपाय शामिल हैं।

बैठक में खुले क्षेत्रों में पैराग्लाइडर, ड्रोन और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं की आवाजाही पर रोक, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की आवाजाही की अग्रिम सूचना का समय पर आदान-प्रदान, सोशल मीडिया पर निगरानी, एनसीआर में सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोहों, अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे मुद्दों पर भी गहन चर्चा हुई। स्वतंत्रता दिवस के दौरान यातायात प्रतिबंधों और अंतरराज्यीय सीमाओं पर अनधिकृत घुसपैठ को रोकने के उपायों की भी समीक्षा की गई।

पुलिस आयुक्त ने दिया सहयोग का भरोसा

दिल्ली पुलिस आयुक्त ने पूर्व में सभी एजेंसियों से मिले सहयोग की सराहना की और विश्वास जताया कि इस वर्ष भी उसी स्तर की प्रतिबद्धता जारी रहेगी। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर समन्वय, सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी और संभावित खतरों से संबंधित खुफिया सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया।

उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों, विशेषकर विदेश से संचालित हो रहे गिरोहों के खिलाफ केंद्रित और निरंतर कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। नशीली दवाओं की तस्करी और हथियारों की अवैध आपूर्ति के उभरते रुझानों से निपटने पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने संगठित अपराध के खिलाफ संयुक्त कार्य योजना बनाने और स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *