नई दिल्ली, 22 नवंबर। हर्ष विहार थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले को महज 12 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले भी एक हत्या के मामले में शामिल रह चुका है।
20 नवंबर की रात करीब 9:25 बजे थाना हर्ष विहार को चार खंभा, मंडोली के पास चाकूबाजी की सूचना मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके भाई को पेट में चाकू लगा है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां घायल संदीप उर्फ अमन (27), निवासी मंडोली एक्सटेंशन भर्ती मिला। घायल ने बयान में बताया कि करीब 40-45 दिन पहले उसके भाई रोबिन और उमेश के बीच हुए झगड़े को लेकर हुई कहासुनी के बाद उमेश ने उसे चाकू मार दिया।
घायल के बयान पर थाना हर्ष विहार में FIR No. 375/26, धारा 109(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएचओ इंस्पेक्टर तेज दत्त गौड़ के नेतृत्व में एसआई दीपांशु, एएसआई आशीष, एचसी अंकित तोमर, एचसी रोहित और कांस्टेबल सरविंद की टीम गठित की गई। टीम ने एसीपी नंद नगरी गौरव कुमार त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में कई ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपी को 21 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है। आरोपी की पहचान उमेश (28), निवासी मंडोली एक्सटेंशन के रूप में हुई है। वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।