उत्तर-पूर्वी जिला साइबर थाने ने 2.10 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से जुड़े म्यूल बैंक अकाउंट मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त राहूल अलवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू खान (36) और अर्जुन चौधरी (38) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि यमुना विहार में संचालित एक खाते में 12 अक्टूबर को ठगी की रकम में से 98,592 रुपये आए थे।
मामला जनकपुरी निवासी एक व्यक्ति से ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 2.10 करोड़ की ठगी से जुड़ा है, जिसकी ई-एफआईआर IFSO स्पेशल सेल में दर्ज है।
एनसीआरपी पोर्टल पर आई शिकायतों की जांच के दौरान यह खाता चिन्हित हुआ। इंस्पेक्टर राहुल कुमार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी निगरानी से सोनू खान को अशोक नगर स्थित उसकी डिस्पोजल की दुकान से पकड़ा। उसके पास से 3 मोबाइल, 6 डेबिट कार्ड और 10 चेकबुक बरामद हुए।
पूछताछ में सोनू ने बताया कि दुकान खुलवाने में अर्जुन चौधरी ने मदद की थी और बदले में उसके बैंक खाते अपने कब्जे में ले लिए थे। इसके बाद पुलिस ने राम नगर, शाहदरा से अर्जुन को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कुल 4 मोबाइल फोन, 6 डेबिट कार्ड और 10 चेकबुक जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। मामले में आगे की जांच जारी है।