28 साल से फरार कातिल को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार, हथकड़ी में भागा था

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (नॉर्दर्न रेंज-1) ने 28 साल से फरार चल रहे कुख्यात भगोड़े को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजिंदर बैरागी उर्फ राजेंद्र सिंह यादव उर्फ डॉ. झटका (53) के रूप में हुई है।

आरोपी हरियाणा पुलिस के जवान जय भगवान की हत्या, दिल्ली में हत्या के प्रयास के दो मामलों और 1999 में गन्नौर रेलवे स्टेशन पर यूपी पुलिस की हिरासत से हथकड़ी सहित फरार होने के मामले में वांछित था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी 1999 में फरार होने के बाद मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले के मुंगावली में नाम बदलकर रह रहा था। वहां उसने फर्जी दस्तावेज बनवा लिए थे और खुद को प्रॉपर्टी डीलर, ठेकेदार और झोलाछाप डॉक्टर के रूप में स्थापित कर लिया था। लोग उसे ‘डॉ. झटका’ कहते थे।

क्राइम ब्रांच को जनकपुरी थाने के 1997 के दो मामलों की जांच के दौरान इसकी भनक लगी। हेड कांस्टेबल संजीव कुमार की सूचना और SI नरेंद्र सिंह की तकनीकी सर्विलांस से उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। इंस्पेक्टर संजय कौशिक की टीम ने मध्य प्रदेश से उसे दबोचा।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 10 मई 1998 को सोनीपत में एक शादी समारोह में विवाद के बाद उसने साथियों के साथ अंधाधुंध फायरिंग कर हरियाणा पुलिसकर्मी की हत्या कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *