नई दिल्ली, 06 अगस्त 2026
मध्य जिला साइबर थाने की टीम ने टेलीग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब और इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को जोधपुर, राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी म्यूल बैंक अकाउंट सप्लाई कर साइबर ठगों की मदद करते थे।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 09 जुलाई को एक शिकायत मिली थी, जिसमें पीड़ित ने बताया कि उसे टेलीग्राम पर “Payal Singh Jaat” और “Gaurika Ojas” नाम की आईडी से पहले Foodpanda पर रिव्यू का टास्क दिया गया, फिर ज्यादा मुनाफे का लालच देकर इन्वेस्टमेंट स्कीम में 2,84,100 रुपये ठग लिए। इस पर E-FIR No. 190/26 धारा 318(4)/319 BNS के तहत केस दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते में गई थी, जो जोधपुर के दिनेश (21) के नाम पर था। खाते से जोधपुर और अजमेर में एटीएम से 1 लाख 18 हजार की निकासी और पेट्रोल पंप पर खर्च किया गया था। मनी ट्रेल और तकनीकी निगरानी के आधार पर 31 जुलाई को इंस्पेक्टर योगराज दलाल के नेतृत्व में टीम ने जोधपुर में छापा मारकर दिनेश को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी विकास सियाग (20) को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने चार मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया है। जांच में पता चला है कि जिस बैंक खाते में ठगी की रकम गई, वह 5 अन्य साइबर ठगी शिकायतों में भी शामिल है।