विशेष संवाददाता चिमन लाल
पुलिस कमीश्नर डा.राजश्री सिंह ने प्रैसवार्ता के दौरान किया खुलासा
झज्जर
झज्जर पुलिस ने सिटी थाना एरिया में स्थित राधेश्याम ज्वेलर्स की दुकान से सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है l 27 अक्टूबर को आरोपी पति-पत्नी चुटकी देखने के बहाने ज्वेलरी की दुकान पर चोरी करने आए थे । इस दौरान दोनों आरोपी दुकानदार का ध्यान भटका कर सोने के आभूषणों से भरा एक डब्बा चुराकर मौके से फरार हो गए थे l आरोपियों द्वारा चुराए गए आभूषण के डब्बे में करीब 12 से 13 तोला सोना था जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए है l पुलिस कमिश्नर डॉ राजश्री सिंह ने बृहस्पतिवार को प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से रूबरू होते हुए बताया कि 27 अक्टूबर को शिकायत मिली थी की सिटी थाना एरिया में राधेश्याम ज्वैलर की दुकान पर दो फर्जी ग्राहक बनकर आए चोरों द्वारा आभूषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। वहीं सूचना मिलते ही और मामले की गंभीरता को देखते हुए झज्जर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई l पुलिस की टीम ने इस मामले में सराहनीय कार्य करते हुए आरोपी पति-पत्नी को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी कन्हैया लाल निवासी उत्तर प्रदेश और उसकी पत्नी ने करीब 2 महीने पहले राधेश्याम ज्वेलर्स की दुकान से पाजेब भी चोरी की थी। जिसके बाद इन्होंने करीब 2 महीने बाद दोबारा ज्वेलर की दुकान में चोरी करने का प्लान बनाया और 27 अक्टूबर को दोबारा फर्जी ग्राहक बनकर राधेश्याम ज्वैलर की दुकान पर चोरी करने पहुंचे थे। जहां पर इन्होंने दुकानदार का ध्यान भटका कर सोने से भरे एक आभूषणों के डब्बे को चुरा लिया और मौका देखकर दुकान से फरार हो गए थे। दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश करके आरोपी कन्हैया लाल को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जबकि आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ राजश्री सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि झज्जर पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। कोई भी ऐसा सामाजिक तत्व जिले की शांति व कानून व्यवस्था को भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ झज्जर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करने का काम करेगी। सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारू रखें और अगर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ।