झज्जर पुलिस का वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का अभियान लगातार जारी

विशेष संवाददाता चिमन लाल

बेरी

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के मद्देनजर झज्जर पुलिस द्वारा वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस की टीम ने दुजाना मोड़ बेरी क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। अभियान का मुख्य उद्देश्य रात के समय और कम दृश्यता की स्थिति में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। प्रवक्ता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैक्टर-ट्रालियों का अधिक उपयोग होता है, लेकिन इनमें अक्सर रिफ्लेक्टर या पर्याप्त लाइट की व्यवस्था नहीं होती, जिससे पीछे से आने वाले वाहनों को उन्हें देखने में परेशानी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए दुजाना मोड़ पर रोक-रोककर ट्रैक्टर-ट्रालियों की जांच की गई और जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई, उन पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया। सड़क सुरक्षा के लिए सभी का सहयोग जरूरी है और छोटे-छोटे उपाय बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *