अवैध पटाखों के भंडारण और परिवहन पर कार्रवाई, एक गिरफ्तार

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर 2026 – रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और परिवहन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 66 किलो पटाखे और एक बजाज वेगो थ्री-व्हीलर बरामद किया गया है।

शशांक जयसवाल डीसीपी रोहिणी के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात हेड कांस्टेबल विकास, प्रदीप और कांस्टेबल नरेंद्र लव यू पार्क के पास रात्रि गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान सड़क किनारे खड़ा एक बजाज वेगो थ्री-व्हीलर दिखाई दिया, जिसमें चालक बैठा था। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें अलग-अलग प्रकार के पटाखे भरे मिले।

आरोपी की पहचान विजेंद्र कुमार (33 वर्ष), निवासी रामपुरा, दिल्ली के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि वह बिना वैध लाइसेंस के बिक्री के लिए पटाखे लाया था।

इस संबंध में थाना विजय विहार में FIR No. 569/26 दिनांक 21.10.2026, धारा 9B विस्फोटक अधिनियम और धारा 323 BNS के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद पटाखों को जब्त कर थ्री-व्हीलर को भी कब्जे में लिया गया है।

यह कार्रवाई ACP रोहिणी बृज मोहन मीना के पर्यवेक्षण में SHO विजय विहार इंस्पेक्टर मनोहर लाल के नेतृत्व में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *