नई दिल्ली। बाहरी जिले की निहाल विहार थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो सक्रिय बदमाशों समेत चोरी का माल खरीदने वाले एक रिसीवर को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास है। इनकी गिरफ्तारी से 5 मामलों का खुलासा हुआ है।
20 अगस्त को शिकायत मिली थी कि अज्ञात चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़कर 2 कमर्शियल LPG सिलेंडर, 2 इन्वर्टर बैटरी और 5 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इस पर थाना निहाल विहार में e-FIR No. 80069201/26 दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ACP पश्चिमी विहार राजबीर लांबा के पर्यवेक्षण में SHO निहाल विहार इंस्पेक्टर शीशपाल के नेतृत्व में HC इकबाल, HC धर्मपाल, HC पवन, सिपाही संजीत और देशराज की टीम गठित की गई।
टीम ने CCTV फुटेज खंगाली तो आरोपी ऑटो-रिक्शा में आते-जाते दिखे। लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर रिषाल गार्डन, नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर छापा मारकर मोहित उर्फ पाठा और राजीव को ऑटो समेत पकड़ा गया। ऑटो से एक चोरी का कमर्शियल सिलेंडर बरामद हुआ। जांच में ऑटो भी चोरी का निकला, जो e-MVT FIR No. 289/2026, थाना पालम विहार, गुरुग्राम में चोरी हुआ था।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि चोरी का माल विकास नगर, उत्तम नगर निवासी महेंद्र को बेचा है। पुलिस ने महेंद्र को भी दबोच लिया। उसके पास से 1 कमर्शियल और 4 घरेलू LPG सिलेंडर बरामद हुए, जो निहाल विहार के तीन अन्य मामलों में चोरी हुए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहित उर्फ पाठा (28) निवासी उत्तम नगर – 42 पुराने मामले , राजीव (28) निवासी उत्तम नगर – 1 पुराना मामला , महेंद्र (45) निवासी उत्तम नगर (रिसीवर) – 3 पुराने मामले शामिल हैं। इसके पास से 2 कमर्शियल LPG सिलेंडर, 4 घरेलू LPG सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल 1 चोरी का ऑटो-रिक्शा बरामद हुए हैं।
डीसीपी आउटर विक्रम सिंह ने बताया कि आगे की जांच जारी है।