नई दिल्ली, 18 जुलाई 2026: आउटर जिला पुलिस की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल और राज पार्क थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगोलपुरी में सक्रिय हो रहे नए आपराधिक गिरोह “MM (मोनू मंडी मंगोलपुरिया) गैंग” का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने गैंग के मुख्य आरोपी विनेश उर्फ मोनू (35) निवासी मंगोलपुरी को दुर्बल नाथ पार्क के पास से गिरफ्तार किया है। उसके पास से 3 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 1 देशी कट्टा और 1 खंजर बरामद हुआ है।
डीसीपी आउटर विक्रम सिंह (IPS) ने बताया कि 17 जुलाई को मिली गुप्त सूचना पर इंस्पेक्टर रितेश के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा। आरोपी के खिलाफ थाना राज पार्क में आर्म्स एक्ट के तहत FIR No. 423/2026 दर्ज की गई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी हत्या के मामले में 13.10.2021 से 10.10.2024 तक तिहाड़ जेल में बंद था। जेल में वह कुख्यात गोगी गैंग के सदस्यों योगेश उर्फ टुंडा, दीपक उर्फ तीतर और नवीन उर्फ भांजे के संपर्क में आया और वहीं से प्रभावित होकर बाहर आकर उसने अपना खुद का “MM गैंग” बना लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह मंगोलपुरी इलाके में वर्चस्व कायम करने के लिए 5-6 स्थानीय युवाओं को गैंग में भर्ती कर चुका है। गैंग हथियारों की तस्करी और जुए से फंड जुटाने का काम कर रहा था।
आरोपी पहले भी जुआ, हत्या और आर्म्स एक्ट के 4 मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अन्य सदस्यों की तलाश और हथियारों के सोर्स का पता लगा रही है।