विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर
झज्जर पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने जिलेवासियों से साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी आम जनता को ठगने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं, जिनसे लोग आसानी से उनके जाल में फंस जाते हैं। साइबर ठग शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे, डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर, पैसे डबल करने का लालच देकर तथा फर्जी कॉल व मैसेज के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि साइबर अपराधी आम नागरिकों की मेहनत की कमाई को लूटने के लिए लगातार नए तरीके खोज रहे हैं। खासकर त्योहारों और नए साल के अवसर पर ठग सक्रिय हो जाते हैं। उन्होंने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि “हैप्पी न्यू ईयर” या किसी अन्य शुभकामना के नाम से आपके मोबाइल फोन पर कोई खाली या संदिग्ध लिंक आता है, तो उस पर बिल्कुल भी क्लिक न करें। ऐसे लिंक पर क्लिक करने से आपके मोबाइल या बैंक से जुड़ी निजी जानकारी साइबर ठगों के हाथ लग सकती है, जिससे आपका बैंक खाता खाली हो सकता है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या ई-मेल पर भरोसा न करें। बैंक, पुलिस या किसी सरकारी एजेंसी के नाम पर आने वाले कॉल की पहले पुष्टि करें। अपनी ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। झज्जर पुलिस साइबर क्राइम को लेकर लगातार आम जनता को जागरूक कर रही है। विभिन्न माध्यमों से लोगों को साइबर सुरक्षा के उपाय बताए जा रहे हैं ताकि वे ठगी से बच सकें। डॉ. राजश्री सिंह ने आम जनता से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन न 1930 पर दें। जागरूक रहकर ही साइबर अपराध पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।