झज्जर पुलिस का पुलिस कर्मचारियों के वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कदम

विशेष संवाददाता चिमन लाल

पुलिस लाइन झज्जर में सेविंग व निवेश पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

झज्जर

झज्जर पुलिस द्वारा पुलिस कर्मचारियों को आर्थिक रूप से सशक्त, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस लाइन झज्जर में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के दिशा-निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त मुख्यालय जसलीन कौर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मचारियों में बचत, निवेश एवं वित्तीय योजना को लेकर जागरूकता और समझ विकसित करना रहा।इस कार्यक्रम में देश की प्रख्यात लेखिका एवं फाइनेंस कोच अल्पा शाह ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर पुलिस कर्मचारियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल नियमित वेतन प्राप्त करना ही आर्थिक सुरक्षा की गारंटी नहीं है, बल्कि आय का सुव्यवस्थित प्रबंधन, नियमित बचत एवं विवेकपूर्ण निवेश अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस कर्मचारी अपने सेवा काल के दौरान ही ठोस वित्तीय योजना तैयार कर लें, तो वे भविष्य में आने वाली आर्थिक चुनौतियों से आत्मविश्वास के साथ निपट सकते हैं। अल्पा शाह ने टाटा ग्रुप एवं एसबीआई ग्रुप में अपने 23 वर्षों के समृद्ध अनुभव के आधार पर पुलिस कर्मचारियों को वेतन प्रबंधन की प्रभावी रणनीतियाँ, खर्चों की प्राथमिकता तय करने के तरीके, दीर्घकालीन निवेश के विकल्प, आपातकालीन फंड की आवश्यकता, बीमा योजनाओं की महत्ता तथा सेवानिवृत्ति (रिटायरमेंट) योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस कर्मचारियों के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी एवं निजी वित्तीय योजनाओं, पेंशन योजनाओं तथा कर-बचत से जुड़े विकल्पों पर भी प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए सेविंग एवं निवेश से संबंधित अपने अनुभव और प्रश्न साझा किए। संवादात्मक सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ सही वित्तीय निर्णय लेने की समझ विकसित करने में सहायता मिली। उपस्थित कर्मचारियों ने इस सत्र को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताया। अल्पा शाह द्वारा “Every Woman Should Invest” एवं “The Business Woman” नामक दो चर्चित पुस्तकें लिखी गई हैं, जिनके माध्यम से वे देशभर में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा दे रही हैं। इन पुस्तकों के जरिए वे आमजन को सरल भाषा में बचत, निवेश एवं वित्तीय योजना की जानकारी प्रदान कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं।पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास को झज्जर पुलिस द्वारा प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में भविष्य में भी इस प्रकार के वित्तीय, मानसिक एवं व्यावसायिक जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिस कर्मचारी न केवल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी कुशलता से निभाएं, बल्कि अपने व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जीवन में भी आर्थिक रूप से सुरक्षित एवं सशक्त बन सकें।कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने मुख्य वक्ता अल्पा शाह को उनके बहुमूल्य योगदान के लिए सम्मान स्वरूप शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।इस दौरान डीसीपी मुख्यालय जसलीन कौर भी मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *