प्रॉपर्टी टैक्स व डेवलपमेंट चार्ज डिफॉल्टरों पर नगर परिषद की बड़ी कार्रवाई, 11 दुकानें व भवन सील

विशेष संवाददाता चिमन लाल

नागरिक जल्द से जल्द जमा कराएं प्रॉपर्टी टैक्स और डेवलपमेंट चार्ज: एसडीएम

बहादुरगढ़,

प्रॉपर्टी टैक्स और डेवलपमेंट चार्ज की बकाया राशि जमा न कराने वाले डिफॉल्टरों के खिलाफ बहादुरगढ़ नगर परिषद ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को एसडीएम अभिनव सिवाच (आईएएस )की मौजूदगी में नगर परिषद की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए कुल 11 दुकानों और भवनों को सील किया। उल्लेखनीय है कि एक रोज पूर्व उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बहादुरगढ़ शहर का निरीक्षण करते हुए अतिक्रमण हटाने, अवैध प्लॉटिंग की रोकथाम तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिए थे। गुरुवार को अधिकारियों की टीम ने शहर में अभियान चलाते हुए कार्रवाई की। नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि संबंधित दुकान व भवन मालिकों को बकाया राशि जमा कराने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने न तो प्रॉपर्टी टैक्स और न ही डेवलपमेंट चार्ज जमा करवाया। मजबूरन नगर परिषद को सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी। यह कार्रवाई पटेल नगर, उद्योग नगर, छोटूराम नगर तथा श्याम जी कॉम्प्लेक्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में की गई। इसके साथ ही नगर परिषद सीमा में बिना नक्शा पास करवाए निर्माण कार्य करने वाले भवनों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई गई।
एसडीएम अभिनव सिवाच ने मौके पर स्पष्ट किया कि सभी डिफॉल्टर जल्द से जल्द अपना प्रॉपर्टी टैक्स और डेवलपमेंट चार्ज जमा करवाएं, अन्यथा भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में किसी भी घर या अन्य इमारत का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले नगर परिषद से नक्शा पास करवाना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोई ढील नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। ऐसे में नागरिक समय रहते अपने टैक्स जमा कराएं। एसडीएम ने कहा कि यह टैक्स का पैसा शहरवासियों की मूलभूत सुविधाओं के लिए किया जाता है। सभी अपना हाउस टैक्स, प्रोपर्टी टैक्स, डेवलपमेंट टैक्स समय पर जमां करवाएं ताकि शहर के विकास कार्यो को और तेज गति प्रदान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *