दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 339.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार (4 फरवरी 2026) की शाम एंटी नारकोटिक्स सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि मजनू का टीला, सिविल लाइंस निवासी गुड्डू नाम का युवक बुलेट मोटरसाइकिल से स्मैक की सप्लाई करने आने वाला है. सूचना मिलते ही एक टीम का गठन किया गया। दिल्ली पुलिस ने शाम करीब 7:40 बजे संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल मौके पर आती दिखाई दी. गुप्त मुखबिर के इशारे पर पुलिस ने बाइक सवार को रोका. उसकी पहचान 24 वर्षीय गुड्डू, निवासी अरुणा नगर, मजनू का टीला के रूप में हुई।तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग की पॉलिथीन में रखी 339.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. एनडीपीएस एक्ट के तहत सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया।
दिल्ली पुलिस ने सिविल लाइंस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह हेरोइन बरेली के एक व्यक्ति से लाया था और ट्रांस-यमुना इलाके में सप्लाई करने जा रहा था।
पूछताछ में उसने यह भी बताया कि वह पिछले तीन-चार साल से नशे की तस्करी में शामिल है. पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी साल 2022 में रानी बाग थाने के एनडीपीएस मामले में शामिल रह चुका है. पुलिस अब हेरोइन के मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी हुई है ।