रात्रि गश्त के दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने किया माच्छरौली व साल्हावास थाना क्षेत्र में औचक निरीक्षण

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह द्वारा रात्रि के समय थाना माच्छरौली एवं थाना साल्हावास क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने थाना परिसरों, रिकॉर्ड संधारण, रात्रि गश्त व्यवस्था एवं स्टाफ की तैनाती का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रात्रि चैकिंग के दौरान पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान दो ऐसे वाहन पकड़े गए, जिनमें भारी मात्रा में तुड़ा भरा हुआ था। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों वाहनों को तत्काल प्रभाव से इंपाउंड किया गया। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध परिवहन एवं नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ईआरवी) को भी चैक किया गया। ईआरवी की स्थिति संतोषजनक पाई गई तथा उसमें तैनात स्टाफ को सतर्क रहते हुए त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनसुरक्षा है और इसके लिए निरंतर निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *