स्वच्छ भारत मिशन के तहत बैंसी ग्राम में लगी प्लास्टिक वेस्ट मशीन

विशेष संवाददाता चिमन लाल

बैंसी गांव में जिला का प्रथम प्लास्टिक प्रबंधन प्लांट स्थापित : अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार

रोहतक,

अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि बैंसी गांव में स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिला रोहतक की पहली ग्राम पंचायत आधारित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की गई है। जिला की सभी ग्राम पंचायतों से संपर्क कर उनके द्वारा एकत्रित किये गए सूखे कचरे को इस शैड में लाया जाएगा। यहां कचरे का पृथक्करण कर प्लास्टिक को अलग किया जाएगा तथा शेष कचरे का निपटान नियमानुसार किया जाएगा। नरेंद्र कुमार जिला के गांव बैंसी में 16 लाख रुपये की राशि से स्थापित किये गए जिला के पहले प्लास्टिक प्रबंधन प्लांट का उद्घाटन करने के उपरांत ग्रामीणों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला में ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ठोस कचरा प्रबंधन शैड में आधुनिक प्लास्टिक वेस्ट मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन के माध्यम से प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण एवं प्रसंस्करण किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन से न केवल स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि पुनर्चक्रण के माध्यम से संसाधनों का संरक्षण भी किया जा सकेगा।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में भी यह मशीन सहायक सिद्ध होगी। यह पूरी प्रक्रिया पंचायतों की देखरेख में की जाएगी तथा इससे होने वाली आय पंचायत के विकास कार्यों में उपयोग की जाएगी। इससे न केवल गांवों की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि प्लास्टिक प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। उन्होंने गांव में स्थित तरल कचरा प्रबंधन, ई-लाइब्रेरी, डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन, महिला संस्कृति केंद्र का दौरा किया तथा पौधारोपण किया। उन्होंने ई-लाइब्रेरी में उपस्थित बच्चों का करियर संबंधित मार्गदर्शन भी किया। इस मौके पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुमित बेनीवाल, पंचायती राज विभाग के एसडीओ यादवेंद्र, सरपंच अमन जांगड़ा, ग्राम सचिव अरूण गुप्ता, डीपीएम मंजू ग्रेवाल, एबीपीओ पवन कुमार, जेई रविंद्र सहित ओम प्रकाश, रामसिंह, दर्शन, राजपाल, बलबीर सिंह, भीम सिंह, अमन आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *