उपायुक्त रोहतक ने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

विशेष संवाददाता चिमन लाल

डी-प्लान की राशि किसी भी सूरत में लैप्स न हो : उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक,

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि डी-प्लान के तहत स्वीकृत सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उपायुक्त लघु सचिवालय के सभागार में डी-प्लान के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डी-प्लान के तहत विकास कार्यों के लिए प्राप्त राशि किसी भी सूरत में लैप्स नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए कार्यों की गति तेज की जाए और नियमित रूप से उनकी निगरानी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में उच्च गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लेट-लतीफी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने खंड विकास एवं पंचायती अधिकारियों, नगर निगम तथा नगर पालिकाओं के अधिकारियों से डी-प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूर्ण होने के साथ ही संबंधित विभाग बिल प्रस्तुत करें, ताकि समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके और कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने का आह्वान किया।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बैठक में बताया कि जिला विकास योजना वर्ष 2025-26 के तहत जिला रोहतक को हरियाणा सरकार द्वारा 16 करोड़ 74 लाख रूपये की राशि विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुई थी। उपरोक्त राशि से लगभग 40 आंगनवाडिय़ों को मॉडल आंगनवाडिय़ों के रूप में विकसित किया गया। स्कूलों में कमरे, टायलेट, खेल ग्राउंड, चार दिवारी व अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों में खर्च किया गया। खेल क्षेत्र में छोटूराम स्टेडियम तथा राजीव गांधी खेल स्टेडियम में क्रिकेट ग्राउंड की पिच तैयार, प्रैक्टिस क्रिकेट नेट पीच, पवेलियन, खेल कोर्ट को खेल योग्य करना व अन्य मूलभूत सुविधाएं बिजली पानी की व्यवस्था को ठीक करवाया गया है। इसी प्रकार से जिला रोहतक में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की कच्ची गलियों पक्का करवाया गया है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की चौपालों के पुन: निर्माण करवाया गया। उन्होंने कहा कि जनहित से संबंधित अन्य विकास कार्य भी योजना के तहत करवाए जा रहे हैं। उपरोक्त विकास कार्यों पर 11 करोड़ 22 लाख रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है एवं शेष राशि को विकास कार्यों पर खर्च किया जा रहा है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला के उपमंडलाधीश उत्सव आनंद, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, नगराधीश अंकित कुमार, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह सहित अन्य विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *