पश्चिमी जिले में अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार, 2880 बोतलें और कार बरामद

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर। दिवाली से पहले अवैध शराब के खिलाफ अभियान में पश्चिमी जिला स्पेशल स्टाफ को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मोती नगर थाना क्षेत्र के बसई दारापुर के पास एक शराब तस्कर को गिरफ्तार कर 30 कार्टन अवैध शराब बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान नितिन कुमार (34), निवासी रघुबीर नगर के रूप में हुई है। आरोपी के पास से रॉयल ग्रीन ब्रांड की 2,880 छोटी बोतलें (प्रति कार्टन 96 बोतल) बरामद हुई हैं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई i10 कार नंबर DL-10CD-7008 को भी जब्त किया गया है।

डीसीपी वेस्ट हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मौर्या को सूचना मिली थी कि एक तस्कर मोती नगर इलाके में शराब की खेप लेकर आने वाला है। एसीपी ऑपरेशन राजेश कुमार की देखरेख में एएसआई कप्तान, हेड कांस्टेबल देवेंद्र और कांस्टेबल गुरमीत की टीम ने जाल बिछाकर कार को रोका और तलाशी में शराब बरामद की।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी यह खेप हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित एक गोदाम से लाया था और रघुबीर नगर के बूटलेगरों को सप्लाई करने वाला था। आरोपी पहले भी आबकारी अधिनियम के 6 मामलों में शामिल रह चुका है। मोती नगर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *