दिल्ली पुलिस नॉर्थ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टास्क फोर्स ने अशोक विहार इलाके में कोकीन सप्लाई करने की कोशिश कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक अस्थाना के तौर पर हुई है। पुलिस ने उसके पास से 11 ग्राम कोकीन और एक स्कूटर जब्त किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे सिंडिकेट और उसके साथियों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।
जिले की डिप्टी पुलिस कमिश्नर आकांक्षा यादव ने बताया कि जिले की स्पेशल टास्क फोर्स टीम लगातार ड्रग तस्करों पर नजर रख रही थी। पुलिस टीम ने इलाके में मुखबिरों को एक्टिव कर दिया था। इंस्पेक्टर संदीप यादव को अशोक विहार इलाके में ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक सप्लायर के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने एक टीम बनाई और सप्लायर पर नजर रखना शुरू कर दिया।
1 मार्च को पुलिस टीम ने रोहिणी के विजय विहार फेज 1 के रहने वाले अभिषेक अस्थाना को स्कूटर पर आते हुए गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान, उनके पास से 11 ग्राम कोकीन और एक स्कूटर जब्त किया गया। जब्त कोकीन की कीमत ₹10 लाख आंकी गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी अभिषेक अस्थाना एक ड्रग सिंडिकेट चलाने में शामिल था और उसने हाल ही में अपने ड्रग ट्रैफिकिंग नेटवर्क को उत्तर-पश्चिमी जिले तक बढ़ा लिया था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह पहली बार है जब अभिषेक अस्थाना को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच कर रही है।