पहाड़ गंज न्यू दिल्ली स्टेशन के पास बिरयानी की दुकान बंद, पार्षद मनीष चड्ढा ने अवैध दुकानों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

मणि आर्य

नई दिल्ली। पहाड़गंज क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित खाद्य दुकानों और स्वच्छता संबंधी शिकायतों को लेकर नगर निगम की कार्रवाई तेज हो गई है। दिल्ली नगर निगम की हेल्थ कमेटी के चेयरमैन एवं पहाड़गंज वार्ड-82 के निगम पार्षद मनीष चड्ढा के निर्देश पर न्यू दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास अवैध रूप से लगाई गई बिरयानी की एक दुकान को बंद करा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चल रही अन्य अवैध बिरयानी दुकानों पर भी सख्ती की तैयारी की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड-82 के अंतर्गत आने वाले पहाड़गंज क्षेत्र में कई स्थानों पर बिना आवश्यक अनुमति और स्वच्छता मानकों का पालन किए बिना खाद्य पदार्थों की दुकानें संचालित होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। स्थानीय लोगों ने इन दुकानों से फैल रही गंदगी, भीड़भाड़ और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को लेकर निगम पार्षद से कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद निगम पार्षद मनीष चड्ढा ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान न्यू दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास सड़क किनारे लगाई गई एक बिरयानी की दुकान को अवैध पाते हुए तत्काल बंद करा दिया। बताया जा रहा है कि दुकान के पास न तो खाद्य सुरक्षा से संबंधित जरूरी लाइसेंस था और न ही स्वच्छता के मानकों का पालन किया जा रहा था। इसके अलावा कई दुकानों के खिलाफ चालान की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

पार्षद मनीष चड्ढा ने स्पष्ट किया कि वार्ड-82 में अवैध रूप से चल रही किसी भी खाद्य दुकान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन दुकानों के पास वैध लाइसेंस नहीं है या जो स्वच्छता के नियमों का पालन नहीं कर रही हैं, उनके खिलाफ निगम की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में संचालित सभी बिरयानी दुकानों की जांच की जा रही है और जो भी दुकानें नियमों का उल्लंघन करती पाई जाएंगी उन्हें बंद कराया जाएगा तथा संबंधित दुकानदारों का चालान भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वच्छता को बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही से लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है। पार्षद ने स्थानीय दुकानदारों से भी अपील की कि वे निर्धारित नियमों और लाइसेंस प्रक्रिया का पालन करते हुए ही व्यापार करें।

इस कार्रवाई के बाद पहाड़गंज क्षेत्र के कई स्थानीय निवासियों ने निगम पार्षद मनीष चड्ढा का आभार व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अव्यवस्थित ढंग से लगने वाली खाद्य दुकानों के कारण गंदगी और यातायात की समस्या बढ़ रही थी। निगम द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

स्थानीय नागरिकों का यह भी कहना है कि पार्षद मनीष चड्ढा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं और 24 घंटे सातों दिन जनता के बीच उपलब्ध रहते हैं। लोगों को उम्मीद है कि निगम प्रशासन की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और वार्ड-82 में अवैध रूप से संचालित दुकानों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता, व्यवस्था और सार्वजनिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *