दिल्ली में LPG गैस सिलेंडर कालाबाजारी का भंडाफोड़,2 गिरफ्तार

दिल्ली में अवैध तरीके से LPG सिलेंडर जमा करने और काला बाजारी के एक मामले में दक्षिण जिला दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने LPG सिलेंडर जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजपुर खुर्द इलाके में एक गैरकानूनी गोदाम का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से कुल 223 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं मिली है. बता दें कि ECA एक्ट के तहत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक 17 मार्च को स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव राजपुर खुर्द की जनरेटर वाली गली में एक प्लॉट पर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर अवैध रूप से जमा किए गए हैं. सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारा. छापेमारी के दौरान वहां से 16 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, 45 खाली घरेलू सिलेंडर और 162 खाली कमर्शियल सिलेंडर बरामद हुए. इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और 8 सेफ्टी कैप भी जब्त की गईं। इस मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि वहां बिना किसी लाइसेंस के सिलेंडरों का स्टोरेज किया जा रहा था, जो आसपास के लोगों के लिए बड़ा खतरा बन सकता था. मौके से हितेश राठी और अरविंद कुमार को पकड़ लिया गया. पूछताछ में दोनों कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके. पुलिस ने इस मामले में मैदान गढ़ी थाने में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि ऐसे अवैध काम करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

बता दें कि दिल्ली पुलिस लगातार LPG सिलेंडर की गैर कानूनी तरीके से स्टोरज करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. इससे पहले क्राइम ब्रांच की टीम ने मुंडका इलाके में एक गोदाम से 610 LPG सिलेंडर जब्त किए। इनमें से 197 सिलेंडर भरे हुए थे, जबकि बाकी सारे खाली थे। इन सिलेंडर का गैर तरीके से रखना न सिर्फ आवश्यक वस्तु अधिनियम (ECA) का उल्लंघन है, बल्कि लोगों के लिए लोगों की जान के लिए भी आफत बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *