देशभर में भारत रत्न डा. भीमराव आंबेडकर की 136 वीं जयंती को मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। वही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 26 अलीपुर रोड स्थित परिनिर्वाण स्थली पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब लोकतंत्र के वे मजबूत स्तंभ हैं, जिनकी दी गई बुनियाद पर आज 140 करोड़ भारतीयों का लोकतांत्रिक ढांचा खड़ा है। उन्होंने जोर दिया कि दिल्ली सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने और बाबा साहेब के ”शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश को आत्मसात करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसी तरह, संसद मार्ग पर आंबेडकर की जयंती पर आयोजित समारोह में दिल्ली भर से जुटे लोगों ने संविधान निर्माता को नमन किया। दिल्ली भर से झांकियां लेकर विभिन्न संगठन संसद मार्ग पहुंचे। जहां, राष्ट्रभक्ति के प्रतीक चिन्हों के साथ अन्य सामानों को लोगाें ने उत्साहपूर्वक खरीदा तथा लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। इसी तरह, एक शोभायात्रा फिल्मीस्तान से शुरू होकर विभिन्न मार्ग होते हुए देवनगर स्थित रविदास मंदिर में संपन्न हुई। मंदिर मार्ग स्थित वाल्मीकि मंदिर में भी दिनभर लोगों का तांता लगा रहा। वही दिल्ली के मध्य आराम बाग स्थित अंबेडकर भवन में भी बाबा साहब की जयंती बड़ी धूमधाम से मनाई गई,जहां असंख्य लोग एकत्रित हुए। पूरे भवन को फूलमालाओं से सजाकर जबरदस्त लाइटिंग की गई। हर ओर रोशनी ही रोशनी नजर आई। भवन में आए हुए लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।