अशोक कुमार निर्भय / संवाददाता
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मादीपुर क्षेत्र में भाजपा मादीपुर मंडल द्वारा शुरू किया गया “खेलेगा मादीपुर, खिलेगा मादीपुर” अभियान अब संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ स्वास्थ्य और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का एक प्रेरणादायक मॉडल बनता जा रहा है। प्रत्येक रविवार सुबह 6 बजे से 9 बजे तक आयोजित होने वाले इस अभियान में मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल, रोप स्किपिंग सहित विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
इस अभिनव पहल का नेतृत्व भाजपा मादीपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव कर रहे हैं। उनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और सामाजिक रूप से सक्रिय बनाना है। अभियान को क्षेत्र के लोगों और भाजपा नेतृत्व से लगातार सराहना मिल रही है।
मादीपुर के विधायक कैलाश गंगवाल ने इस अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। मादीपुर मंडल का यह प्रयास उसी सोच को जमीनी स्तर पर साकार करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और ऊर्जावान कार्यकर्ता ही समाज और संगठन की बेहतर सेवा कर सकते हैं। यह अभियान युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ नशामुक्त और स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा दिल्ली प्रदेश की उपाध्यक्षा सुनीता कांगड़ा ने कहा कि “खेलेगा मादीपुर, खिलेगा मादीपुर” केवल एक खेल कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, ऐसे समय में इस प्रकार की पहल समाज के लिए प्रेरणा का कार्य कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से महिला एवं युवा सहभागिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने प्रदीप यादव और उनकी पूरी टीम को इस रचनात्मक पहल के लिए बधाई दी।
भाजपा दिल्ली प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा ने कहा कि प्रदीप यादव का यह प्रयास वास्तव में अनुकरणीय है। जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, उसी भावना को यह अभियान स्थानीय स्तर पर मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की गतिविधियां सभी मंडलों में शुरू हों तो यह एक व्यापक खेल और स्वास्थ्य आंदोलन का रूप ले सकती हैं।
भाजपा नेता धर्मवीर ठगेला ने भी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। खेलों से टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है, जो संगठन और समाज दोनों के लिए लाभकारी है।
मादीपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि “खेलेगा मादीपुर, खिलेगा मादीपुर” केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक सकारात्मक सोच है, जिसका उद्देश्य लोगों को फिटनेस, अनुशासन और सामूहिक भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि हर रविवार बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बंटी यादव,निमेश,नवीन मित्तल,संजीव सोनकर,आयुष,तारा चंद.सन्नी,विशाल सहगल,पुखराज खोरवाल ,मिश्री लाल खोरवाल,पुखराज स्थानीय लोग इसमें भाग लेकर खेलों का आनंद उठाते हैं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लेते हैं।स्थानीय स्तर पर शुरू हुई यह पहल अब एक नई मिसाल बनती जा रही है। खेल और स्वास्थ्य को संगठनात्मक संस्कृति से जोड़ने का यह प्रयास न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है, बल्कि समाज में भी खेलों के प्रति जागरूकता और सम्मान बढ़ाने का कार्य कर रहा है। “खेलेगा मादीपुर, खिलेगा मादीपुर” अभियान आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकता है।