नई दिल्ली, 19 जून 2026
ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के मधु विहार थाना पुलिस को वाहन चोरी और स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने कुख्यात ऑटो-लिफ्टर रोहित उर्फ पिस्टल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चोरी की स्कूटी, एक बाइक और दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी के चार मामले सुलझ गए हैं।
16 जून 2026 को मधु विहार थाना की टीम एसीपी मधु विहार के मार्गदर्शन और कार्यवाहक एसएचओ इंस्पेक्टर संदीप आर्या के नेतृत्व में मंडावली इलाके में गश्त कर रही थी। शाम करीब 6:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक ऑटो-लिफ्टर तारावती अस्पताल, जोशी कॉलोनी के पास चोरी की स्कूटी 8 हजार रुपये में बेचने आने वाला है।
पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और बिना नंबर प्लेट की TVS N-Torq स्कूटी पर आए संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोहित उर्फ पिस्टल, निवासी मंडावली बताया।
ZIPNET पर जांच करने पर पता चला कि बरामद स्कूटी DL9SCG-**** नंबर की है, जो 15 जून को थाना शकरपुर से चोरी हुई थी। स्कूटी की तलाशी में दो मोबाइल फोन भी मिले, जो थाना मधु विहार में दर्ज दो अलग-अलग चोरी के मामलों से जुड़े थे।
सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने एक और चोरी की यामाहा बाइक DL8SCK-**** कम्युनिटी सेंटर, जोशी कॉलोनी के पास छिपा रखी है। पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया। यह बाइक 19 मई को थाना पांडव नगर क्षेत्र से चोरी हुई थी।
आरोपी को 17 जून को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
27 वर्षीय रोहित उर्फ पिस्टल नशे का आदी है और दिहाड़ी मजदूरी करता है। वह 10वीं तक पढ़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी लूट, झपटमारी और चोरी के 4 मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से खड़ी टू-व्हीलर चुराता था। पकड़े जाने से बचने के लिए वह नंबर प्लेट हटा देता था और गाड़ियों को औने-पौने दाम पर बेच देता था। चोरी के मोबाइल भी वह जल्दी पैसे के लिए बेच देता था।
आरोपी के पास से TVS N-Torq स्कूटी – नीला-हरा रंग, रजि. नं. DL9SCG-, बरामद हुई है जिसकी ई-एफआईआर नं. 13719/2026, थाना शकरपुर • यामाहा मोटरसाइकिल – काला रंग, रजि. नं. DL8SCK-, ई-एफआईआर नं. 11417/2026, थाना पांडव नगर • दो मोबाइल फोन – ई-एफआईआर नं. 80018101/2026 और 80015546/2026, थाना मधु विहार द्वारा
सुलझाए गए मामले।
इस गिरफ्तारी से मधु विहार थाने के दो, शकरपुर थाने का एक और पांडव नगर थाने का एक, कुल चार मामले सुलझ गए हैं।
डीसीपी ईस्ट डिस्ट्रिक्ट राजीव कुमार, IPS ने बताया कि स्ट्रीट क्राइम और वाहन चोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।