नई दिल्ली, 28 जून 2026: सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने ‘ऑपरेशन कवच 14.0’ के तहत 48 घंटे की लगातार और खुफिया-आधारित कार्रवाई में अपराध पर बड़ी चोट की है। 22 जून शाम 6 बजे से 24 जून शाम 6 बजे तक चले इस विशेष अभियान में जिले भर में 99 टीमों ने 338 छापे मारे और कुल 337 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह, आईपीएस के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्ट्रीट क्राइम, नशा तस्करी, अवैध शराब, जुआ और अवैध हथियारों के नेटवर्क को ध्वस्त करना था। कार्रवाई में स्पेशल स्टाफ, एंटी-नारकोटिक्स सेल और एएटीएस सहित सभी थानों की टीमों ने हिस्सा लिया।
इस ऑपरेशन के तहत NDPS एक्ट में 36 मामले दर्ज, 45 लोग गिरफ्तार। 5 किलो गांजा, 54.76 ग्राम स्मैक, 52 ग्राम MDMA, 150 नशीले इंजेक्शन, 231 सीरिंज और 45 कोडीन सिरप की बोतलें बरामद। आर्म्स एक्ट में 20 मामले दर्ज, 20 आरोपी पकड़े गए। 2 पिस्तौल, 3 देसी कट्टे, 7 जिंदा कारतूस और 16 चाकू बरामद किए गए। आबकारी एक्ट में 22 मामले दर्ज कर 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 1,530 क्वार्टर अवैध शराब जब्त की गई। जुआ एक्ट में 28 मामलों में 59 जुआरी पकड़े गए, ₹87,050 नकद और 1,092 ताश के पत्ते बरामद। • वाहन चोरी मामले में 4 ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार, 10 चोरी के वाहन बरामद।
इसके अलावा 4 भगोड़े अपराधी पकड़े गए और 3,511 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में कोटपा एक्ट के तहत 1,119 चालान भी काटे गए।
अभियान के दौरान बीएनएसएस की धाराओं में 204 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 306 हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया गया और दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत 361 वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने झुग्गी बस्तियों, शराब तस्करी के रास्तों और अपराध संभावित इलाकों में एक साथ कई जगह छापेमारी की।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि ‘ऑपरेशन कवच 14.0’ से पुलिस की मौजूदगी बढ़ी है और नशे व अवैध शराब की सप्लाई चेन टूटी है। यह कार्रवाई खुफिया-सूचना आधारित पुलिसिंग और निरंतर निगरानी का नतीजा है। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रखेगी।