पटेल नगर पुलिस ने ड्रग तस्कर को किया गिरफ्तार, 1392 ग्राम गांजा बरामद

नई दिल्ली: सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस के थाना पटेल नगर स्टाफ ने इलाके में गश्त के दौरान एक कुख्यात ड्रग तस्कर काके उर्फ आकाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1392 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। आरोपी बालजीत नगर, दिल्ली का रहने वाला है।

रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि पुलिस आयुक्त, दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की पुलिस टीम असामाजिक तत्वों और ड्रग तस्करों पर कड़ी निगरानी रख रही है। 24 जून 2026 को पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग का पॉलिथीन बैग लेकर जाता दिखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर पॉलिथीन बैग से 1392 ग्राम गांजा बरामद हुआ। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर मादक पदार्थ को जब्त किया गया और थाना पटेल नगर में एफआईआर दर्ज की गई।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर नवीन कुमार, एसएचओ/थाना पटेल नगर की देखरेख में एसआई शिवम मलिक, हेड कांस्टेबल निकेश, कांस्टेबल अजय और कांस्टेबल जसबीर की टीम ने की। पूरी कार्रवाई की निगरानी एसीपी सुनील कुमार ने की।

फिलहाल पुलिस गांजा की सप्लाई के स्रोत और इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *