प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुरक्षा बलों को लेकर सोशल मीडिया पर कथित अभद्र वीडियो और पोस्ट शेयर करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की IFSO यूनिट ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है।
कई X हैंडल और न्यूज पोर्टल रडार पर
पुलिस ने इस मामले में कई X (पूर्व ट्विटर) हैंडल, इंस्टाग्राम अकाउंट और कुछ न्यूज पोर्टल्स को नोटिस जारी किया है।
नोटिस में उनसे कहा गया है कि –
- विवादित वीडियो को तुरंत प्लेटफॉर्म से हटाया जाए।
- यह वीडियो उन्हें कहां से मिला, इसकी जानकारी दी जाए।
- वीडियो में दिख रहे लोगों और इसे शेयर करने वालों की पहचान बताई जाए।
पुलिस का कहना है कि सभी को तय समय के अंदर जवाब देना होगा।
जंतर-मंतर के छात्र प्रदर्शन से जुड़ा है मामला
सूत्रों के मुताबिक यह पूरा मामला हाल में जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान वायरल हुए वीडियो से जुड़ा है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान बनाए गए कुछ वीडियो में पीएम और सुरक्षा बलों के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था।
प्रदर्शन तो खत्म हो गया है, लेकिन पुलिस अब उन वीडियो के ओरिजिनल सोर्स तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो किस मकसद से बनाए गए और किसने उन्हें सुनियोजित तरीके से वायरल किया। इसके लिए सोशल मीडिया कंपनियों से भी डेटा मांगा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस नोटिस का जवाब आने का इंतजार कर रही है। जवाब और डिजिटल सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।