दिल्ली में ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 2 जुलाई 2026: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI द्वारा संचालित एक अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों शुभदीप सिंह उर्फ विशाल (23), गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि (22),साजन सिंह उर्फ हनी (28) और गगनप्रीत (24) को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन पंजाब और एक दिल्ली से जुड़ा है। इनके पास से दो विदेशी पिस्तौल और नौ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी, IPS के अनुसार, इंस्पेक्टर सतीश राणा और इंस्पेक्टर अशोक की टीम ने एसीपी विवेक कुमार त्यागी की देखरेख में यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी ISI हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके साथियों के इशारे पर दिल्ली में आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।

स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर शहजाद भट्टी दिल्ली-NCR में आतंकी हमले की योजना बना रहा है और इसके लिए पंजाब के युवाओं की भर्ती की गई है। तकनीकी विश्लेषण और सूत्रों की सूचना के आधार पर दिल्ली और पंजाब में कई जगह छापेमारी की गई।

सबसे पहले शुभदीप सिंह को अमृतसर के मजीठा रोड से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 5 कारतूस और 2 मोबाइल मिले। पूछताछ में उसने बताया कि वह ड्रोन के जरिए हथियार और नशे की खेप मंगवाता था और विदेशी नंबरों से पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था।

इसके बाद गुरजंत और साजन को पंजाब से पकड़ा गया। इनके पास से जिगाना पिस्टल, 4 कारतूस और 2 मोबाइल मिले। ये दोनों चचेरे भाई ड्रोन से हथियार और नशे की खेप लेते थे।

24 अप्रैल 2026 को चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था। उसे दिल्ली के धार्मिक स्थलों और पुलिस प्रतिष्ठानों की रेकी करने और फायरिंग की घटना को अंजाम देने का टास्क दिया गया था।

शुभदीप और साजन को पहले भी पंजाब पुलिस NDPS केस में गिरफ्तार कर चुकी है। शुभदीप का घर पाकिस्तान सीमा से सिर्फ 3 किमी दूर है। सभी आरोपी पाकिस्तानी हैंडलरों से बात करने के लिए विदेशी नंबरों का इस्तेमाल करते थे ताकि पकड़ में न आएं।

इस मामले में BNS और आर्म्स एक्ट की धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *