दिल्ली के पटेल नगर में सोशल मीडिया पर चाकू लहराने वाला युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली, 3 जुलाई 2026: मध्य जिला जिला के थाना पटेल नगर पुलिस ने इंस्टाग्राम पर चाकू लहराते हुए फोटो डालकर दहशत फैलाने वाले 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिव्यांशु उर्फ प्रियांशु, निवासी बलजीत नगर, “HUMAIIRRR_06” नाम की आईडी से हथियारों के साथ तस्वीरें पोस्ट कर रहा था।

डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने तकनीकी निगरानी से आरोपी को शादिपुर इलाके से पकड़ा। उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने लोकप्रियता और सोशल मीडिया पर दबंग छवि बनाने के लिए चाकू के साथ फोटो अपलोड की थीं। थाना पटेल नगर में शस्त्र अधिनियम के तहत एफआईआर संख्या 232/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी दो आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। इनमें थाना मोती नगर में दर्ज ई-एफआईआर 14856/2025 और थाना पटेल नगर में दर्ज एफआईआर 196/2025 शामिल हैं।

पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *