नई दिल्ली, 18 जुलाई
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (WR-II) ने 2018 के दहेज हत्या और हत्या के मामले में 8 साल से फरार चल रहे दो घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कंचन (52) और उसके बेटे जतिन उर्फ जितिन (31) के रूप में हुई है। दोनों मृतका की सास और देवर हैं। इन पर थाना स्वरूप नगर में दर्ज FIR No. 43/2018, धारा 302/304B/498A/34 IPC के तहत मामला दर्ज था।
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2018 में एक विवाहित महिला की संदिग्ध मौत हुई थी। परिजनों ने इसे गला घोंटकर हत्या बताया था। मामले में पति और ससुर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन सास-कंचन और देवर-जतिन अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद से फरार थे। कोर्ट ने दोनों को भगोड़ा घोषित किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी कंचन ने तो अपनी मौत की झूठी अफवाह भी फैला दी थी।
DCP क्राइम हर्ष इंदौरा के नेतृत्व और ACP राजपाल डाबस की देखरेख में इंस्पेक्टर सतीश मलिक की टीम ने तकनीकी सर्विलांस पर HC अजय को मिली पुख्ता सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने एक साथ हरियाणा के यमुनानगर और दिल्ली के ओखला में छापा मारा। कंचन को यमुनानगर से जबकि जतिन को ओखला से दबोचा गया।
पूछताछ में दोनों ने माना कि वे लगातार ठिकाने बदलकर कानून से बच रहे थे।