आउटर जिले में पुलिस और नंदू गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली, 20 जुलाई। दिल्ली पुलिस की आउटर जिला स्पेशल स्टाफ ने कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के दो सक्रिय बदमाशों को संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।

विक्रम सिंह डीसीपी आउटर डिस्ट्रिक्ट के अनुसार 19 जुलाई को सूचना मिली थी कि गैंग के सदस्य प्रवीण उर्फ पिंकी और रोहित उर्फ चीरा अपने किसी साथी से मिलने PVC रोड, टीकरी कलां आने वाले हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर रोहित के नेतृत्व और ACP ऑपरेशन विरेंद्र दलाल की देखरेख में टीम ने जाल बिछाया।

पुलिस को देख दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। इस दौरान सिपाही अनुज और हरकेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी दो गोलियां लगीं, जिससे उनकी जान बच गई।

इनके पास से 2 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल , 3 जिंदा कारतूस, 4 खाली खोल और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पकड़े गए दोनों बदमाश हरियाणा के बहादुरगढ़ सिटी थाने में दर्ज फायरिंग के मामले में वांछित थे। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस संबंध में थाना मुंडका में FIR No. 429/26 दर्ज की गई है।

आरोपी प्रवीण उर्फ पिंकी (30) संगम विहार का रहने वाला है और 6 मामलों में शामिल रहा है। वहीं रोहित उर्फ चीरा (24) नांगल नरेले का रहने वाला है और थाना नरेला के एक मामले में पैरोल जंपर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *