दिल्ली पुलिस – क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी : अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार; 7 लग्जरी गाड़ियां बरामद

नई दिल्ली, 29 जुलाई : दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की NR-II टीम ने अंतरराज्यीय हाई-एंड वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर दिल्ली, राजस्थान और मणिपुर से 7 चोरी की लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित नगर उर्फ सोनू (35) निवासी रोहिणी, दिल्ली और तोइजम नटराज सिंह (37) निवासी इम्फाल ईस्ट, मणिपुर के रूप में हुई है।

डीसीपी क्राइम ब्रांच चंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर नीरज कुमार शर्मा की टीम ने एएसआई रवि राणा की सूचना पर 4 जुलाई को BSA रोड, महादेव चौक के पास जाल बिछाकर काली थार सवार अमित को पकड़ा। तलाशी में 5 स्मार्ट चाबियां और 4 असली नंबर प्लेटें मिलीं।


आरोपी सायरन की तार काटकर, खिड़की तोड़कर इलेक्ट्रॉनिक टैबलेट से गाड़ी की ECM हैक कर डुप्लीकेट चाबी प्रोग्राम कर लेते थे। द्वारका, रोहिणी से फॉर्च्यूनर, क्रेटा, सेल्टोस जैसी गाड़ियां चुराकर 70-80 हजार में मणिपुर और राजस्थान में खपाते थे।

पुलिस ने अमित की निशानदेही पर राजस्थान-दिल्ली से 3 और नटराज की निशानदेही पर उखरुल, मणिपुर से 4 गाड़ियां बरामद कीं। आरोपी अमित पर 40 से ज्यादा केस दर्ज हैं। फरार आरोपी अशरफ की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *