नई दिल्ली। पश्चिमी जिले की एएटीएस/पीओ सेल और मोती नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 2 उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जिला हर्षेश्वर वी. स्वामी के निर्देशन में फरार और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में पीओ सेल की टीम ने दहेज उत्पीड़न के मामले में फरार चल रहे आरोपी दीपक (28) को गिरफ्तार किया। आरोपी थाना उत्तम नगर के मुकदमा संख्या 707/2021 धारा 498A/406/34 आईपीसी में वांछित था और द्वारका कोर्ट ने 27 जनवरी 2026 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। गुप्त सूचना पर टीम ने पुल प्रहलादपुर स्थित पंचमुखी मंदिर के पास से उसे दबोचा।
दूसरी कार्रवाई में मोती नगर थाना पुलिस ने चेक बाउंस मामले में पिछले 2 साल से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी विक्रम (37) को गिरफ्तार किया। आरोपी सीटी केस नंबर 189/2017 धारा 138 एनआई एक्ट में वांछित था। तीस हजारी कोर्ट ने 20 जनवरी 2024 को उसे पीओ घोषित किया था। पुलिस ने लगातार निगरानी के बाद उसे रामा रोड इलाके से पकड़ा।