रोहिणी जिला – गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ/रोहिणी जिले को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कंझावला इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने हथियारबंद बदमाश को गिरफ्तार किया है।
शशांक जयसवाल IPS डीसीपी रोहिणी जिला के अनुसार, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि नीरज बवाना और नवीन बाली गैंग के दो सक्रिय सदस्य राहुल डबास उर्फ आरडीएक्स उर्फ बलराम निवासी गांव लाडपुर और राहुल सहरावत उर्फ राहुल पुत्र संदीप, गांव लाडपुर स्थित आनंद वाटिका के पास अत्याधुनिक अवैध हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से इकट्ठा होने वाले हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर अमित दहिया के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने आनंद वाटिका के पास जाल बिछाया। टीम में एएसआई अबरार, हेड कांस्टेबल विपिन त्यागी, अजय, आजाद, पवन, सुरेंद्र, दीपक और कांस्टेबल जगदीश शामिल थे।
पुलिस टीम को देखते ही दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने वाहन के पीछे छिपकर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान राहुल सहरावत उर्फ राहुल को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी राहुल डबास उर्फ आरडीएक्स पुलिस पर फायरिंग करता हुआ फरार होने में कामयाब रहा।
बदमाशों द्वारा चलाई गई एक गोली पुलिस के वाहन में लगी, जबकि दो गोलियां मौके पर खड़ी एक हुंडई i20 कार में जा लगीं। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से एक राउंड फायर किया गया। गनीमत रही कि इस मुठभेड़ में किसी पुलिसकर्मी या आरोपी को कोई चोट नहीं आई।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 5 अवैध हथियार और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जिसमें एक जिगाना पिस्टल, एक ग्लॉक पिस्टल , एक.32 बोर पिस्टल , दो देसी कट्टा , 9 एमएम के 8 जिंदा कारतूस , .30 बोर के 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राहुल सहरावत पहले भी 2 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि फरार आरोपी राहुल डबास उर्फ आरडीएक्स पर पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह इलाके का कुख्यात बदमाश बताया जा रहा है।
इस संबंध में थाना कंझावला में एफआईआर नंबर 419/26, भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 109, 221 और 132 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है और आगे की जांच की जा रही है।