झांसी/पूंछ: झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस भीषण हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलकर वापस लौट रहा था।
इसी दौरान पूंछ थाना क्षेत्र के पास उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाइवे पर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जिस तरफ अबान बैठा था, कार का वही हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे में अबान अहमद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसके एक अन्य साथी ने भी दम तोड़ दिया। कार में सवार तीन अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही पूंछ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौरतलब है कि अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे बड़े उमर अहमद लखनऊ जेल में और अली अहमद झांसी जेल में बंद है, जबकि तीसरे बेटे असद अहमद की अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मौत हो चुकी है।