नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा जांच के दौरान पश्चिमी जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर पर चल रही दो टोयोटा फॉर्च्यूनर एसयूवी को ट्रेस कर जब्त किया है, जो जांच में चोरी की निकलीं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एनसीआर में एक ही नंबर की दो फॉर्च्यूनर अलग-अलग जगहों पर चल रही हैं। इंस्पेक्टर मुकेश मीणा और एसीपी ऑपरेशंस राजेश कुमार की देखरेख में एसआई गजेंद्र, एचसी देवेंद्र, नंद किशोर, बनवारी और सिपाही रामेश्वर की टीम ने सीसीटीवी और फील्ड वेरिफिकेशन के बाद दोनों गाड़ियों को अलग-अलग लोकेशन से बरामद किया।
दोनों गाड़ियों पर एक ही नंबर प्लेट और एक ही चेसिस नंबर लगा था। टोयोटा सर्विस सेंटर में तकनीकी जांच से पुष्टि हुई कि दोनों वाहन चोरी के हैं। इनमें से एक गाड़ी गांधी नगर थाने में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में भी वांछित मिली है।
मामले में एक आरोपी आर्यन मावी (23) निवासी विवेक विहार को पकड़ा गया है। जब्त गाड़ियों के संबंध में ई-एफआईआर नंबर 010560/21 थाना गांधी नगर और 020095/21 थाना प्रीत विहार में मामले दर्ज हैं।
पुलिस आगे की जांच में जुटी है।