नई दिल्ली: मध्य जिला के थाना राजिंदर नगर पुलिस ने एक विदेशी नागरिक के गुमशुदा होने के मामले में त्वरित और पेशेवर कार्रवाई करते हुए 43 वर्षीय मंगोलियाई नागरिक को सकुशल बरामद कर उनके परिवार से मिलाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री बयाम्बा सुरेन नामक मंगोलियाई नागरिक भारत में अपने इलाज के लिए आए हुए थे। 09.अगस्त.2026 को सुबह करीब 11:00 बजे वह सैर के लिए बाहर निकले थे, जिसके बाद वह रास्ता भटक गए और अपने ठिकाने पर वापस नहीं लौट सके।
रात करीब 11:30 बजे उनकी पत्नी ने थाना राजिंदर नगर में पहुंचकर पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल तलाश अभियान शुरू किया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने इलाके और संभावित रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर उनकी आवाजाही को ट्रेस किया।
साथ ही, लापता व्यक्ति की जानकारी ZIPNET पर अपलोड की गई, Hue & Cry नोटिस जारी किए गए और दिल्ली भर के कंट्रोल रूम व अन्य थानों में WT मैसेज के जरिए सूचना प्रसारित की गई। इस दौरान संबंधित दूतावास के साथ भी लगातार समन्वय बनाए रखा गया।
अथक प्रयासों के बाद, शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर दिनांक 10.08.2026 को लापता मंगोलियाई नागरिक को थाना कीर्ति नगर इलाके से सकुशल ढूंढ लिया गया।
पूछताछ के दौरान पता चला कि वह किसी साजिश या संदिग्ध परिस्थितियों में लापता नहीं हुए थे, बल्कि सैर के दौरान अनजाने में रास्ता भूल गए थे।
पुलिस ने सकुशल बरामदगी के बाद उन्हें उनकी पत्नी के सुपुर्द कर दिया। पति के सकुशल मिलने पर पत्नी ने दिल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय दृष्टिकोण के लिए आभार व्यक्त किया।
यह सफल अभियान ACP करोल बाग की समग्र देखरेख तथा इंस्पेक्टर/SHO के नेतृत्व में SI संदीप और HC कपिल की टीम द्वारा अंजाम दिया गया।
रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने कहा मध्य जिला पुलिस विदेशी नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।