राजधानी दिल्ली में CNG के दाम में करीब 4 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी ने आम जनता के साथ टैक्सी चालकों की परेशानी बढ़ा दी है. 29 अगस्त से CNG की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलो बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है।इससे पहले दिल्ली में CNG 83.09 रुपये प्रति किलो मिल रही थी।
ईंधन के दाम में इस ताजा बढ़ोतरी के बाद टैक्सी चालकों का कहना है कि CNG की कीमतों में जो बढ़ोतरी हुई है, उसके चलते चालकों की जेब पर सीधे कैंची चली है. इसी CNG की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ अब चालकों ने सरकार के सामने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है. चालक शक्ति यूनियन ने 3 सितंबर को दिल्ली की सड़कों पर बड़े और शांतिपूर्ण प्रदर्शन का ऐलान किया है।
टैक्सी चालकों की नाराजगी की वजह सिर्फ CNG के बढ़े हुए दाम नहीं हैं. बल्कि यूनियन का कहना है कि सिटी टैक्सी का किराया करीब 15 साल से नहीं बढ़ाया गया है. दूसरी तरफ इस दौरान CNG के साथ-साथ गाड़ी का बीमा, सर्विसिंग, स्पेयर पार्ट्स, टायर और दूसरे रखरखाव के खर्च लगातार बढ़ते गए है।
अब CNG के बढ़े दामों ने इस पुराने विवाद को फिर हवा दे दी है. यूनियन ने सरकार से 2 सितंबर तक सिटी टैक्सी के किराये में उचित बढ़ोतरी करने की मांग की है।
अगर इस समय सीमा के भीतर फैसला नहीं हुआ तो 3 सितंबर को दिल्ली की सड़कों पर विशाल शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा।