ट्रैफिक मुख्यालय पहुंचे उपराज्यपाल, BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारियों का लिया जायजा

नई दिल्ली, 31 अगस्त। दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने आज तोड़ापुर स्थित दिल्ली यातायात पुलिस मुख्यालय का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक यूनिट के कामकाज की समीक्षा की और अधिकारियों के साथ ट्रैफिक जाम, सड़क सुरक्षा और यातायात समस्याओं के समाधान पर चर्चा की।

उपराज्यपाल ने वरिष्ठ अधिकारियों को सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने, सख्ती से यातायात नियमों का पालन कराने और जाम वाले हॉटस्पॉट्स के प्रबंधन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और बेहतर यातायात के लिए तकनीक-सक्षम और नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण जरूरी है।

इस मौके पर विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) अजय चौधरी, संयुक्त आयुक्त संजय त्यागी सहित तीन अतिरिक्त आयुक्त, डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

यातायात पुलिस ने उपराज्यपाल को अपनी योजनाओं – उल्लंघनकर्ताओं को जागरूक करने के लिए ‘ट्रैफिक पाठशाला’, नागरिक एजेंसियों की भागीदारी के लिए ‘ट्रैफिक पंचायत’ और खतरनाक उल्लंघनों के खिलाफ विशेष अभियान के बारे में जानकारी दी।

दिल्ली में होने वाले आगामी BRICS शिखर सम्मेलन के लिए की जा रही यातायात व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने उपराज्यपाल को आश्वस्त किया कि विदेशी राष्ट्राध्यक्षों, प्रधानमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुख्ता, तकनीक-आधारित इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *