मध्य जिले की नबी करीम थाना पुलिस की बड़ी कामयाबी, 4 घंटे में सुलझाई लूट की वारदात : बुजुर्ग व्यापारी से 42,500 रुपये की लूट, दो हिस्ट्रीशीटर समेत तीन बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली। मध्य जिले के नबी करीम थाना क्षेत्र में बुजुर्ग व्यक्ति से हुई लूट की वारदात को पुलिस ने महज 4 घंटे के अंदर सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी और खरीदारी की पर्ची भी बरामद की गई है।

पुलिस उपायुक्त, मध्य जिला रोहित राजबीर सिंह, IPS ने बताया कि 05.अगस्त.2026 को शाम करीब 6 बजे नबी करीम थाने में नीम वाला चौक के पास लूट की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। सूचना पर एसआई अंकित पुलिस स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

मौके पर शिकायतकर्ता, उम्र करीब 58 वर्ष, निवासी न्यू सीलमपुर, अपने बेटे के साथ मौजूद मिले। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह बैग बनाने के सामान की खरीदारी के लिए नबी करीम आया था। वह घर से करीब 45-46 हजार रुपये लेकर आया था। 3,500 रुपये का सामान खरीदने के बाद बाकी बचे पैसे और खरीद की पर्ची उसने अपने पैंट की दाईं जेब में रख ली थी।

शाम करीब 5:45 बजे जब वह नीम वाला चौक से गुजर रहा था, तभी तीन अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। एक आरोपी ने उसकी टांग पकड़ ली, दूसरे ने जेब से पैसे निकालने की कोशिश की और विरोध करने पर तीसरे ने पीछे से पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। तीनों आरोपी जबरन 42,500 रुपये और खरीद की पर्ची लूटकर भाग गए।

हिम्मत दिखाते हुए बुजुर्ग ने एक आरोपी को पकड़ लिया। हाथापाई के दौरान आरोपी ने लूटी गई रकम अपने साथियों की ओर फेंक दी, जिससे अधिकांश पैसे सड़क पर गिर गए और शिकायतकर्ता ने वापस उठा लिए। लेकिन 2,500 रुपये और पर्ची लेकर आरोपी भागने में कामयाब हो गए।

शिकायत पर थाना नबी करीम में FIR No. 363/2026 धारा 309(4)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच एसआई अंकित को सौंपी गई। जांच के दौरान धारा 317(2) BNS भी जोड़ी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुलशन नागपाल SHO नबी करीम के नेतृत्व में और ACP पहाड़गंज के समग्र पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें शामिल थे – एसआई अंकित, HC एम.पी. सिंह, HC जग सोरन, Ct. संजय और Ct. सुरेंद्र।

टीम ने तुरंत इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिरों की मदद ली। लगातार छापेमारी के बाद तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी विश्लेषण से तीनों आरोपियों की पहचान कर वारदात के 4 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में बादल उर्फ आकाश (उम्र 24 वर्ष) निवासी सदर बाजार, दिल्ली – हिस्ट्रीशीटर,संजू उर्फ कमल (उम्र 27 वर्ष) निवासी नबी करीम, दिल्ली – हिस्ट्रीशीटर,दिनेश उर्फ टन्नू (उम्र 23 वर्ष) निवासी सदर बाजार, दिल्ली का रहने वाला है।

तलाशी के दौरान उनके पास से लूटे गए 1,500 रुपये और शिकायतकर्ता की बैग मैटेरियल की खरीद पर्ची बरामद हुई।

पूछताछ में तीनों ने कबूल किया कि उन्होंने बुजुर्ग के पास मोटी रकम देखकर उसे निशाना बनाया था। लूटी गई रकम से वह अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना चाहते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी बादल के खिलाफ 7, संजू के खिलाफ 6 और दिनेश के खिलाफ 1 आपराधिक मामला पहले से दर्ज है। फिलहाल पुलिस अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *