शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर 20.72 लाख की ठगी, 3 साइबर ठग गिरफ्तार, प्राइवेट बैंक का डिप्टी मैनेजर भी शामिल

नई दिल्ली, 31 अगस्त। साइबर थाना नॉर्थ-वेस्ट की टीम ने शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 20.72 लाख रुपये ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक प्राइवेट बैंक का डिप्टी मैनेजर भी शामिल है।

डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट आकांक्षा यादव के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान (1) कन्हैया दास, (2) राहुल टेलर और (3) आरिफ हुसैन मंसूरी के रूप में हुई है। आरिफ हुसैन प्राइवेट बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल 4 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

कैसे हुई ठगी – शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी कि शेयर मार्केट में निवेश पर ज्यादा रिटर्न का लालच देकर उससे 20.72 लाख रुपये ठग लिए गए। इस पर थाना साइबर नॉर्थ-वेस्ट में FIR No. 12/25, धारा 318(4) BNS के तहत केस दर्ज किया गया।

जांच में पता चला कि ठगी की रकम कन्हैया दास के खाते में ली गई और राहुल टेलर ने सेल्फ चेक के जरिए नकदी निकाली। राहुल मनी ट्रांसफर का काम करता है और इसी दौरान उसकी मुलाकात बैंक के डिप्टी मैनेजर आरिफ से हुई थी। आरिफ ने 2% कमीशन पर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इस खाते में ठगी के करीब 2 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।

पुलिस कार्रवाई – इंस्पेक्टर दिनेश दहिया और ACP सुश्री सृष्टि भट्ट की देखरेख में SI अशांग, HC अमित और Ct. रविंदर की टीम बनाई गई। मनी ट्रेल और तकनीकी जांच से आरोपियों का लोकेशन मावली, उदयपुर, राजस्थान में मिला। 23 मई 2026 को पुलिस ने कन्हैया और राहुल को मावली से गिरफ्तार किया, जिसके बाद मोबाइल जांच से बैंक मैनेजर की भूमिका सामने आई और तीसरे आरोपी आरिफ को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कन्हैया पेशे से टैक्सी ड्राइवर है। आरोपी राहुल के खिलाफ पहले से ही हिमाचल के परवाणू थाने में ठगी का एक मामला दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *